State News

संपन्न परिवारों से बिजली सब्सिडी छोड़ने की अपील

बिहार सरकार 01 दिसंबर से बिजली सब्सिडी छोड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा कि आर्थिक रूप से संपन्न परिवारों और आयकरदाताओं से 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ स्वेच्छा से छोड़ने की अपील की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने पटना में दीपावली के अवसर पर झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले गरीब और वंचित परिवारों के बीच पहुंचकर यह ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने लोगों के बीच मिठाइयां भी बांटीं और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार बिजली सब्सिडी पर सालाना करीब 23 हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है। ऐसे में संपन्न परिवार यदि स्वेच्छा से 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ दें, तो सरकार इन संसाधनों का इस्तेमाल विकास कार्यों में कर सकेगी।

उन्होंने कहा, “इस अभियान के तहत लोगों को स्वेच्छा से सब्सिडी का लाभ छोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से एलपीजी सब्सिडी छोड़ने की अपील की थी, उसी तरह बिहार सरकार भी यह पहल कर रही है।” मुख्यमंत्री के मुताबिक, सरकार प्रत्येक परिवार को सालाना करीब 10 हजार रुपये की बिजली सब्सिडी दे रही है। जो लोग स्वेच्छा से इस सुविधा का त्याग करेंगे, उन्हें उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया जाएगा। इससे पहले मुख्यमंत्री ने पिछले सप्ताह पटना में आयोजित युवा संसद के दौरान भी संपन्न परिवारों और आयकरदाताओं से बिजली सब्सिडी छोड़ने की अपील की थी।

मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से आदिवासी क्षेत्रों में जाकर दलित और अत्यंत पिछड़े समुदायों के लोगों के साथ दीपावली मनाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को इन समुदायों के लोगों के सुख-दुख में शामिल होना चाहिए और उनके जीवन का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि त्योहार सभी को मिलकर मनाना चाहिए और कोई भी व्यक्ति इससे वंचित नहीं रहना चाहिए। इसी उद्देश्य से वह खुद भी झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले लोगों के बीच पहुंचे हैं। (UPDATED ON 8TH NOVEMBER 2026)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button