State News

उत्तराखंड में तंबाकू और पान मसाले की बिक्री पर रोक; धामी सरकार का बड़ा फैसला

उत्तराखंड सरकार ने पूरे राज्य में तंबाकू और निकोटीन युक्त गुटका, पान मसाला के साथ इनसे बने खाद्य पदार्थों पर तुरंत प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त विनय शंकर पाण्डेय की ओर से जारी इस आदेश के तहत इन हानिकारक उत्पादों के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री पर एक साल के लिए रोक रहेगी। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत की गई है।

विभाग के आदेश के अनुसार, जन स्वास्थ्य को देखते हुए किसी भी नाम से बाजार में उपलब्ध तंबाकू, निकोटीन युक्त गुटका, पान मसाला या अन्य खाद्य पदार्थ के निर्माण, भंडारण, वितरण एवं बिक्री को संपूर्ण राज्य में आदेश जारी होने की तिथि से अगले एक साल तक की अवधि के लिए प्रतिबंधित किया जाता है। यह प्रतिबंध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और खाद्य सुरक्षा एवं मानक (विक्रय प्रतिषेध और निर्बन्धन) विनियम, 2011 के प्रावधानों के तहत की गई है।

एफडीए आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने सभी जिलों में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए क्विक रिस्पांस टीम गठित करने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि त्यौहारी सीजन को देखते हुए पनीर, मिठाइयों के साथ ही कई अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की शिकायतें आती हैं। ऐसे में क्विक रिस्पांस टीमों का गठन कर छापेमारी अभियान शुरू किया जाए। सभी जिलों को इस संदर्भ में सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। (UPDATED ON 14TH OCTOBER 2026)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button