‘वन्दे मातरम्’ – 2047 तक विकसित भारत का संकल्प होगा साकार : परमार

उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इन्दर सिंह परमार ने कहा कि ‘वन्दे मातरम्’ केवल राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, त्याग, समर्पण, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता की शाश्वत प्रेरणा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की सिद्धि में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। राष्ट्रभक्ति, सकारात्मक विचारों और कर्तव्यनिष्ठा से परिपूर्ण युवा शक्ति ही भारत को विकास की नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी। मंत्री श्री परमार रविवार को भोपाल स्थित भारतीय वन प्रबंधन संस्थान में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के उपक्रम ‘मेरा युवा भारत (माय भारत)’ के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय ‘वन्दे मातरम्’ शिविर के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। मंत्री श्री परमार ने देश के छह राज्यों से आए युवा प्रतिनिधियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का उत्साहवर्धन किया तथा उपस्थित जनों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
मंत्री श्री परमार ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जब देश में निराशा का वातावरण था, तब बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित ‘वन्दे मातरम्’ ने जनमानस में राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान का भाव जागृत किया। ‘आनंदमठ’ में प्रस्तुत इस गीत ने स्वतंत्रता संग्राम को नई प्रेरणा दी और स्वतंत्रता के बाद इसे राष्ट्रगीत के रूप में आत्मसात किया गया। ‘वन्दे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर इसकी प्रासंगिकता और भी बढ़ जाती है। असंख्य बलिदानियों के त्याग से प्राप्त स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाए रखने तथा उनके सपनों का भारत निर्मित करने में इसकी प्रेरणा महत्वपूर्ण है।
मंत्री श्री परमार ने कहा कि भारत को पुनः विश्व मंच पर अग्रणी बनाने के लिए सामूहिक शक्ति का सृजन और राष्ट्रीय एकात्मता का भाव आवश्यक है। सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ श्रेष्ठ समाज के निर्माण का संकल्प लेना होगा। इस दिशा में शिक्षा के मंदिरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि शिक्षा ही राष्ट्र के विचार, संस्कार और भविष्य को दिशा देती है।
कार्यक्रम में भोपाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री आलोक शर्मा एवं नर्मदापुरम–नरसिंहपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने भी ‘वन्दे मातरम्’ की महत्ता एवं प्रासंगिकता पर अपने विचार व्यक्त किए।
माय भारत के राज्य निदेशक श्री मंगल राम जाखड़, उपनिदेशक सुश्री निक्की राठौर एवं सुश्री मोनिका चौधरी सहित विभिन्न पदाधिकारीगण तथा देश के छह राज्यों से आए युवा प्रतिभागी उपस्थित थे।



