फार्मा, बायोटेक और मेडिकल डिवाइस सेक्टर में निवेश का प्रमुख केंद्र बनेगा मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश फार्मा, बायोटेक और मेडिकल डिवाइस क्षेत्र में निवेश के लिए व्यापक अवसर उपलब्ध करा रहा है। प्रदेश में दवा निर्माण, सक्रिय औषधीय घटक (एपीआई), अनुसंधान, परीक्षण और चिकित्सा उपकरणों के उत्पादन की संपूर्ण मूल्य श्रृंखला विकसित करना राज्य सरकार का लक्ष्य है। मध्यप्रदेश की केंद्रीय भौगोलिक स्थिति, विकसित औद्योगिक क्लस्टर, कुशल मानव संसाधन और निवेश प्रोत्साहन इस दिशा में मजबूत आधार प्रदान करते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुंबई में फार्मा सेक्टर की राउंड टेबल चर्चा में प्रमुख उद्योग प्रतिनिधियों से संवाद किया। चर्चा में प्रदेश में फार्मा विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास, निर्यात और नई तकनीक पर आधारित निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत आज “फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड” के रूप में पहचाना जाता है। भारतीय दवाएं 200 से अधिक वैश्विक बाजारों तक पहुंच रही हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में भारत का फार्मा निर्यात 30.47 बिलियन अमेरिकी डॉलर रहा। इस राष्ट्रीय विकास यात्रा में मध्यप्रदेश एक मजबूत, भरोसेमंद और तेजी से उभरता हुआ भागीदार है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में निर्मित फार्मा उत्पाद 160 से अधिक देशों तक पहुंचते हैं। वर्ष 2023-24 में प्रदेश से लगभग 11,889 करोड़ रुपए के फार्मा उत्पादों का निर्यात दर्ज किया गया। प्रदेश का मौजूदा विनिर्माण आधार और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों से जुड़ाव नई निवेश परियोजनाओं के लिए अवसर उपलब्ध कराता है।
एनक्यूब एथिकल्स के प्रबंध निदेशक श्री मेहुल शाह की कंपनी क्रीम, ऑइंटमेंट, जेल और लोशन जैसी त्वचा पर उपयोग की जाने वाली औषधियों के विकास एवं विनिर्माण में विशेषज्ञता रखती है। कंपनी अंतर्राष्ट्रीय बाजारों के लिए उत्पाद विकास और अनुबंध आधारित विनिर्माण करती है। आईपीसीए के प्रबंध निदेशक श्री अजीत कुमार जैन की कंपनी एपीआई और तैयार दवाओं के निर्माण में सक्रिय है। इसका उत्पाद पोर्टफोलियो दर्द प्रबंधन, हृदय रोग, मलेरिया और संक्रमणरोधी उपचार सहित अनेक चिकित्सीय क्षेत्रों में विस्तृत है।
अजंता फार्मा के अध्यक्ष श्री सतीश अग्रवाल की कंपनी ब्रांडेड जेनेरिक और जेनेरिक दवाओं का विकास, विनिर्माण एवं विपणन करती है। नेत्र रोग, त्वचा रोग, हृदय रोग और दर्द प्रबंधन इसके प्रमुख क्षेत्र हैं। ल्यूपिन के निदेशक श्री के. आर. गुप्ता की कंपनी की विशेषज्ञता जेनेरिक एवं ब्रांडेड दवाओं के साथ जटिल जेनेरिक उत्पादों, बायोसिमिलर और एपीआई तक फैली है। दोनों कंपनियां भारतीय बाजार के साथ अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में भी सक्रिय हैं।
मैक्लियोड्स फार्मास्युटिकल्स संक्रमणरोधी दवाओं, टीबी, एचआईवी, हृदय रोग और मधुमेह सहित विभिन्न उपचार क्षेत्रों में कार्य करती है। अमोली के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रूपेश कामदार की कंपनी एपीआई और दवा निर्माण में उपयोग होने वाले मध्यवर्ती रसायनों के उत्पादन से जुड़ी है। गुफिक बायोसाइंसेज की विशेषज्ञता इंजेक्टेबल और विशेष प्रक्रिया से सुखाकर तैयार की जाने वाली लाइयोफिलाइज्ड दवाओं सहित विशेष औषधीय उत्पादों में है।
एस. कांत हेल्थकेयर स्वास्थ्य उत्पादों और फार्मास्युटिकल फॉर्मुलेशन के विनिर्माण एवं विपणन से जुड़ा समूह है। ब्लू क्रॉस लेबोरेटरीज विभिन्न चिकित्सीय क्षेत्रों में ब्रांडेड दवाओं के विकास, निर्माण और विपणन में कार्य करती है। डाइमैक इंडस्ट्रीज़ और एमिल फार्मा के प्रतिनिधियों को भी इस संवाद के लिए आमंत्रित किया गया।
सिप्ला, ग्लेनमार्क और एल्केम के वरिष्ठ प्रबंधन का प्रतिनिधित्व भी प्रस्तावित है। सिप्ला श्वसन रोग, दीर्घकालिक उपचार और संक्रमणरोधी दवाओं के व्यापक पोर्टफोलियो के लिए जानी जाती है। ग्लेनमार्क अनुसंधान आधारित कंपनी है, जिसके प्रमुख क्षेत्र श्वसन रोग, त्वचा रोग और कैंसर उपचार हैं। एल्केम संक्रमणरोधी दवाओं, पाचन तंत्र संबंधी उपचार, दर्द प्रबंधन, विटामिन और दीर्घकालिक उपचार क्षेत्रों में सक्रिय है।
इंडियन ड्रग मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (आईडीएमए) के महासचिव टोनी परमार को भी राउंड टेबल के लिए आमंत्रित किया गया। आईडीएमए भारतीय दवा निर्माताओं का उद्योग संघ है, जो नीति, गुणवत्ता, विनिर्माण, मूल्य निर्धारण और उद्योग विकास से जुड़े विषयों पर सरकार एवं नियामक संस्थाओं के साथ संवाद करता है। (UPDATED ON 9TH OCTOBER 2026)



