केंद्रीय पर्यावरण मंत्री व दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने वायु प्रदूषण शमन कार्ययोजना की समीक्षा की;

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने आज दिल्ली की मुख्यमंत्री (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली) श्रीमती रेखा गुप्ता के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में दिल्ली सरकार की वायु प्रदूषण शमन कार्ययोजना की समीक्षा की गई और राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए किए गए उपायों की प्रगति का आकलन किया गया। बैठक में पहले से किए गए उपायों, धरातल पर हुई प्रगति तथा सर्दियों के मौसम से पहले और उसके दौरान आवश्यक अतिरिक्त हस्तक्षेपों की समीक्षा की गई। बैठक में दिल्ली के पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव मंत्री सरदार मंजिंदर सिंह सिरसा और लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह के साथ-साथ पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने संबंधित हितधारकों को शामिल करते हुए दिल्ली के चिन्हित 37 हॉटस्पॉट पर 10 अक्टूबर तक जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया। श्री यादव ने निर्देश दिया कि प्रत्येक हॉटस्पॉट के लिए कार्रवाई योग्य बिंदुओं की पहचान की जाए और उनके कार्यान्वयन की बारीकी से निगरानी की जाए। जन प्रतिनिधि इन हॉटस्पॉट का दौरा करेंगे और धरातल पर वायु प्रदूषण शमन उपायों के कार्यान्वयन की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र-विशिष्ट इन उपायों से प्रदूषण के विभिन्न स्रोतों से निपटने में समग्र रूप से सकारात्मक परिणाम प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ने वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए कई उपाय किए हैं और इस बात पर जोर दिया कि लिए गए निर्णयों तथा चिन्ह्ति कार्रवाई बिंदुओं का धरातल पर प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने एजेंसियों के बीच, विशेष रूप से प्रवर्तन और यातायात प्रबंधन के क्षेत्र में, बेहतर समन्वय तथा अनुपालन की निगरानी के लिए निर्माण स्थलों पर कैमरों सहित प्रौद्योगिकी के अधिक उपयोग का आह्वान किया। उन्होंने श्मशान घाटों से होने वाले उत्सर्जन को कम करने के लिए प्रौद्योगिकीय समाधानों की संभावनाएं तलाशने तथा विद्युत शवदाह सुविधाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। इसमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए इन सुविधाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी देना भी शामिल है।
इस बैठक में पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव श्री तन्मय कुमार, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के अध्यक्ष श्री राजेश वर्मा तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी), दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी), एमसीडी, एनडीएमसी, डीडीए, दिल्ली परिवहन विभाग, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी इस बैठक में उपस्थित थे।(updated on 28th Sept 2026)



