साहिल के माता-पिता का आरोप-हमारे बेटे को टारगेट किया जा रहा था

बॉम्बे IIT के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या मामले के बाद उसके माता पिता ने बड़े आरोप लगाए हैं और साहिल के पिता रविंद्र वाकोडे ने प्रोफ़ेसर सूर्यनारायण दुल्ला और डायरेक्टर शिरीष केदारे की गिरफ़्तारी की मांग की है। पिता का आरोप है कि मौत से पहले उनके बेटे को जाति-आधारित उत्पीड़न और दबाव का सामना करना पड़ा था। साहिल की मां सोनाली वाकोडे ने बताया कि हमारी गलती हो गई थी कि जब मेरे बेटे ने बताया कि उसे परेशान किया जा रहा है।
पिता रविंद्र वाकोडे ने कहा, शिरीष केदारे और दुल्ला ने मेरे बेटे को प्रताड़ित किया। मैं दोनों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करता हूं। क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है और FIR में सब कुछ दर्ज है। मैं तत्काल गिरफ्तारी की मांग करता हूं। यह आत्महत्या नहीं है और हमें न्याय चाहिए।
वहीं, साहिल की मां सोनाली वाकोडे ने कहा, मैं अपने बेटे के लिए न्याय की मांग करती हूं। हमने माता-पिता के तौर पर अपने बच्चे को मानसिक सहारा दिया, क्या यही हमारी गलती है? उसने हमें अपने साथ हो रहे भेदभाव के बारे में बताया था।
एनर्जी साइंस और इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में BTech के दूसरे साल के छात्र, 22 साल के साहिल, 18 सितंबर को परीक्षा के दौरान हुई एक घटना के कुछ घंटों बाद अपने हॉस्टल के कमरे में मृत पाए गए। मुंबई क्राइम ब्रांच अब उनकी मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है, जिसमें परीक्षा हॉल, कैंपस और हॉस्टल के CCTV फुटेज की जांच भी शामिल है(UPDATED ON 22ND SEPTEMBER 2026)



