State News

दिल्ली की CM रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान, काम में देरी हुई तो अधिकारियों पर लगेगा जुर्माना

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा ऐलान किया है। राज्य में नौकरशाही की जवाबदेही बढ़ाने और सार्वजनिक सेवाओं की डिलीवरी में तेजी लाने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार ने ‘दिल्ली (नागरिकों को समयबद्ध और आसान सेवा डिलीवरी का अधिकार) अधिनियम, 2026’ को अधिसूचित किया है। इस नए कानून के प्रावधानों के तहत, जो सरकारी अधिकारी सार्वजनिक सेवाएं देने में बिना किसी उचित कारण के देरी करेंगे, उन पर प्रतिदिन 250 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। यह जुर्माना अधिकतम 5,000 रुपये तक हो सकता है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस बारे में जानकारी देते हुए, दिल्ली सरकार ने बताया कि यह कानून प्रशासनिक कार्यों के लिए एक निश्चित समय-सीमा तय करता है और जवाबदेही की व्यवस्था को स्पष्ट रूप से स्थापित करता है। दिल्ली सरकार ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने ‘दिल्ली (नागरिकों को समयबद्ध एवं सुगम सेवा वितरण का अधिकार) अधिनियम, 2026’ अधिसूचित किया है। इस अधिनियम के तहत सरकारी सेवाओं के लिए निर्धारित समय-सीमा और जिम्मेदार अधिकारी की पहचान सुनिश्चित होगी। अनावश्यक देरी पर संबंधित अधिकारी पर प्रतिदिन ₹250 और अधिकतम ₹5,000 तक अर्थदंड लगाया जा सकेगा। अनुचित तरीके से आवेदन अस्वीकार करने पर भी अर्थदंड का प्रावधान है।”

दिल्ली सरकार ने पोस्ट में आगे जानकारी देते हुए कहा, “यह अधिनियम नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस’ के मंत्र से प्रेरणा लेते हुए दिल्ली सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को सरकारी सेवाएं समय पर और सुगमता से मिलें तथा शासन व्यवस्था अधिक नागरिक केंद्रित, संवेदनशील और जवाबदेह बने।”(UPDATED ON 9TH NOVEMBER 2026)

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button