2027 से ‘सीमा मित्र’ पुरस्कार से सम्मानित होंगे BSF-SSB के जवान

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सीमा सुरक्षा में असाधारण योगदान देने वाले जवानों को सम्मानित करने के लिए वर्ष 2027 से ‘सीमा मित्र’ पुरस्कार शुरू करने की घोषणा की है। इस पुरस्कार के तहत सीमा सुरक्षा बल (BSF), सशस्त्र सीमा बल (SSB) और पश्चिम बंगाल पुलिस के उन कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने देश की सीमाओं की सुरक्षा में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को उत्तर 24 परगना जिले के बांग्लादेश सीमा से सटे हिंगलगंज इलाके में स्थित सीमा चौकी पर बीएसएफ के जवानों को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुरस्कार के लिए योग्य कर्मियों का चयन करने के उद्देश्य से एक समिति का गठन किया जाएगा।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “हम अगले साल से बीएसएफ, एसएसबी और पश्चिम बंगाल पुलिस के कर्मियों को ‘सीमा मित्र’ पुरस्कार देंगे।” गौरतलब है कि बीएसएफ भारत-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा करता है, जबकि एसएसबी के जवान नेपाल और भूटान से लगी भारतीय सीमाओं पर तैनात रहते हैं।
मुख्यमंत्री दिवाली और काली पूजा के अवसर पर सीमा पर तैनात जवानों को शुभकामनाएं देने के लिए हिंगलगंज पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पूर्ववर्ती ममता बनर्जी सरकार पर बीएसएफ और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों के साथ अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया।(UPDATED ON 8TH NOVEMBER 2026)



