बदरीनाथ में डीजे बजाया जाना सीधे तौर पर पवित्रता पर हमला मनोहर जोशी

चार धाम यात्रा के महत्वपूर्ण हिस्से और हिंदू मान्यताओं में पवित्र स्थान बदरीनाथ धाम में डीजे कॉन्सर्ट के आयोजन पर भाजपा के सीनियर नेता रहे मुरली मनोहर जोशी ने नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि यहां पर डीजे बजाया जाना तो सीधे तौर पर पवित्रता पर हमला है.
उन्होंने X पर इस बारे में एक लंबी पोस्ट लिखी है. जोशी ने लिखा, ‘बदरीनाथ धाम में संगीत समारोह को अनुमति प्रदान करना ना केवल सांस्कृतिक मर्यादाओं का उल्लंघन है बल्कि धाम की पवित्रता पर भी सीधा आघात है. आदि गुरु शंकराचार्य महाराज जी द्वारा इस धाम की स्थापना हिमालयी पर्यावरण में शांतिपूर्ण तरीके से भगवत भजन के लिए की थी.’
बदरीनाथ धाम में हाल ही में डीजे पर संगीत और डांस वाले वीडियो आए थे. इसी को लेकर आपत्ति जताई जा रही है. धार्मिक मर्यादाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
इसी पर अब मुरली मनोहर जोशी ने भी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने लिखा, ‘इस स्थान पर शंख बजाना भी मना है, लेकिन हम उसे भूलकर शोर शराबे वाले संगीत कार्यक्रमों का आयोजन कर भारतीय आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, पर्यावरणीय मूल्यों की घोर उपेक्षा तो कर ही रहे हैं, साथ में इतनी ऊंचाई पर हजारों लोगो के नाचने से उनके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की भी उपेक्षा कर रहे हैं. (UPDATED ON 25TH SEPT 2026)



